प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा के पानीपत के शिव नगर की गली नंबर-5 में सोमवार सुबह एक नवजात शिशु प्लास्टिक के कट्टे में बंद सड़क किनारे लावारिस हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर कट्टा खोला और उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) भी मौके पर पहुंची। सीडब्ल्यूसी की निगरानी में नवजात का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दो से तीन घंटे पहले हुआ था जन्म

स्थानीय लोगों के अनुसार, नवजात का जन्म करीब दो से तीन घंटे पहले ही हुआ था। बच्चे को प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर सड़क किनारे छोड़ दिया गया था। समय रहते लोगों की नजर पड़ने से उसकी जान बच गई।

लोगों की सतर्कता से बची जान

सुबह सड़क से गुजर रहे लोगों ने कट्टे के भीतर से आवाज सुनी। इसके बाद उन्होंने कट्टा खोला तो उसमें नवजात मिला। लोगों ने बिना देर किए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

सीडब्ल्यूसी ने संभाली जिम्मेदारी

घटना की जानकारी मिलने पर सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष केदार दत्त कौशिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य है। बच्चे की देखरेख बाल कल्याण समिति की निगरानी में की जा रही है।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को सड़क किनारे कौन छोड़कर गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m