लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बने सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए अब पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास सुस्पष्ट निम्नदाब में बदल गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है।

READ MORE: रामभक्तों के नाम चंपत राय ने लिखी पाती, कहा- SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा हर सवाल का जवाब

कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

विभाग के अनुसार, 10 जुलाई से मौसमी द्रोणी (मानसूनी ट्रफ) के उत्तर की ओर खिसकने के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय होगा। इसके चलते पूर्वांचल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बारिश और हवाओं के कारण जलभराव, बिजली गिरने और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।