पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में मंगलवार दोपहर से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। घग्गर नदी के साथ बरसाती नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया। वहीं, सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी में बरसाती नाले के तेज बहाव में दो युवक बह गए। इनमें से एक को रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

भारी बारिश से घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ा

लगातार बारिश के कारण घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके साथ ही शहर के कई बरसाती नालों में भी पानी का बहाव तेज हो गया है। हालात को देखते हुए स्थानीय लोग भी सतर्क हैं और कई जगह पानी का बहाव कम करने के लिए मिट्टी के बैग लगाए जा रहे हैं।

बरसाती नाले में बहे दो युवक

सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी में तेज बहाव के कारण दो युवक बरसाती नाले में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दूसरे युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

अलीपुर-खटोली पुल टूटा, ट्रैफिक बंद

भारी बारिश के बीच अलीपुर-खटोली पुल भी टूट गया। सुरक्षा को देखते हुए पंचकूला पुलिस ने पुल के दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस रास्ते पर जाने से बचें और आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

प्रशासन और रेस्क्यू टीमें अलर्ट

बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और रेस्क्यू टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नालों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m