अजय सैनी ,भिवानी। भिवानी में रविवार देर शाम आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और बारिश के कारण शहर में हालात बिगड़ गए और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

तेज हवाओं के चलते शहर में 30 से अधिक स्थानों पर पुराने पेड़ उखड़कर गिर गए। कई सड़कों पर पेड़ों और टूटी टहनियों ने रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।भिवानी-जींद मार्ग पर स्थिति और भी खराब रही, जहां हर कुछ दूरी पर गिरे पेड़ों के कारण यातायात बाधित हो गया।

सड़कें बंद होने के बाद लोगों ने वैकल्पिक रास्ते के रूप में खेतों से गुजरने की कोशिश की, लेकिन बारिश से खेतों में कीचड़ बन गया। कई वाहन खेतों में फंस गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

बिजली व्यवस्था पर भी असर

आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। कुछ क्षेत्रों में 5 से 8 घंटे तक बिजली गुल रही, जबकि कुछ जगहों पर देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।

सरकारी भवनों और पावर सिस्टम के पास भी नुकसान

हांसी रोड स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया। बताया गया कि इस पेड़ के बीच से बिजली की लाइनें गुजरती थीं, जिससे खतरे की स्थिति बन गई।

इसके अलावा 133 केवी पावर हाउस के पास भी पेड़ गिरने और केबल नीचे आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया।

जलभराव और देर रात तक बारिश

शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। रिमझिम बारिश और बौछारें देर रात तक जारी रहीं, जिससे राहत और परेशानी दोनों साथ-साथ देखने को मिलीं।

प्रशासन का बयान

प्रशासनिक अधिकारी ने स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह अचानक मौसम परिवर्तन का असर है और विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी और मजबूत करने की बात कही गई है।