वीरेंद्र कुमार, नालंदा। एक तरफ जहां बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ मानसून से पहले हुई इस बारिश ने बिहारशरीफ नगर निगम की तैयारियों और साफ-सफाई के दावों की पोल खोलकर रख दी है। महज कुछ देर की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई।

सबसे बदतर हाल बिहारशरीफ के रांची रोड स्थित भैसासुर देवी स्थान के पास देखने को मिला, जहां मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया। सड़क पर जलभराव होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।

पानी में वाहन को धक्का लगाते दिखे लोग

वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा। कई जगहों पर वाहन चालकों को पानी में वाहन धकेलते हुए भी देखा गया। रांची रोड के अलावा धनेश्वर घाट, अंबेर चौक, पुल पर और अन्य प्रमुख चौराहों पर भी जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा नाला उड़ाही और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ गई।

निगम से स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई होती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि जब प्री-मानसून की हल्की बारिश में ही बिहारशरीफ की यह स्थिति है, तो मानसून के दौरान शहरवासियों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा? यह एक बड़ा सवाल है, जिसका जवाब नगर निगम प्रशासन को देना होगा।

कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी

गौरतलब है कि मानसून के आने से पहले बिहार के मौसम में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के कई हिस्सो में तेज बारिश और आंधी का सिलसिला जारी है। विभाग के मुताबिक बिहार के अधिकांश जिलों में 29 मई से लेकर 4 जून के बीच बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान आसमान से ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा। मानसून से पहले हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

ये भी पढ़ें- तेज आंधी-पानी से बेहाल हुआ पटना, VIP इलाके में दर्जनों पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित