० NH-44 पर बढ़ाई गई सुरक्षा, दिल्ली जाने वाले हर वाहन की हो रही चेकिंग

सोनीपत। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-हरियाणा सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सोनीपत के कुंडली बॉर्डर स्थित नेशनल हाईवे-44 पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। दिल्ली की ओर जाने वाले हर वाहन की जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

कुंडली बॉर्डर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। पंजाब की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहनों की भी विशेष रूप से चेकिंग की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

सोनीपत पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी चुनौती से समय रहते निपटा जा सके।