चंडीगढ़। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर हरियाणा सरकार ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर राज्य सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

प्रदेश के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर, रोहतक, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, रेवाड़ी, जींद, नूंह, भिवानी, पलवल, सिरसा और महेंद्रगढ़ समेत 19 जिलों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, महिला एवं पुरुष फ्रिस्किंग टीमें तथा क्विक रिस्पांस टीमों की तैनाती की जाएगी।

ड्यूल लेयर सुरक्षा जांच से गुजरेंगे अभ्यर्थी

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की दो चरणों में जांच होगी। पहली जांच केंद्र के प्रवेश द्वार से पहले पुलिस और होमगार्ड कर्मियों द्वारा की जाएगी, जबकि दूसरी जांच केंद्र परिसर में प्रवेश के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा होगी। प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर कम से कम एक फ्रिस्किंग कर्मी तैनात रहेगा और टीम में 50 प्रतिशत महिला कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जांच के लिए हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टरों का भी उपयोग किया जाएगा।

मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित

हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, टैबलेट, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, नोट्स, किताबें, ढीले कागज और अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

परीक्षा के दौरान नकल माफिया और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटर, होटल, लॉज, साइबर कैफे और अन्य संदिग्ध स्थानों की विशेष निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार नजर रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, पेपर लीक या धोखाधड़ी की कोशिश को समय रहते रोका जा सके।

आपात स्थिति में मिलेगी डायल-112 की मदद

प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन और संरक्षण के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। वहीं किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आपात सहायता की जरूरत होने पर डायल-112 के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस वाहन से भी परीक्षार्थी को केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

निष्पक्ष परीक्षा सरकार की प्राथमिकता

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि परीक्षा के निष्पक्ष आयोजन के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि नकल माफिया, अफवाह फैलाने वालों और परीक्षा में बाधा पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।