चंडीगढ़। देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर मचे बवाल के बाद हरियाणा सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए आज हरियाणा के मुख्य सचिव एक बेहद महत्वपूर्ण हाई लेवल मीटिंग लेने जा रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त (डीसी), अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) मुख्य रूप से शामिल होंगे। नीट परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा पेपर कराने की तैयारियों को लेकर सरकार की यह पहली बड़ी समीक्षा बैठक है।

सुरक्षा और पेपर लीक रोकने के लिए बदलेंगे नियम

प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार परीक्षा के आयोजन को लेकर नियमों में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बैठक में इस बात पर विस्तार से चर्चा होगी कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कैसी हो, प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को लीक होने से बचाने के लिए उन्हें सेंटरों तक कैसे सुरक्षित पहुंचाया जाए और तय समय पर अभ्यर्थियों को कैसे बांटा जाए। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली यह मीटिंग काफी लंबी चल सकती है। इसका मुख्य उद्देश्य परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के सही ढंग से संपन्न कराना है। राज्य के शिक्षा विभाग ने भी अपनी तरफ से तैयारी शुरू कर दी है और सभी परीक्षा केंद्रों से जरूरी सुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की पूरी रिपोर्ट मांगी है।

विशेष टीमें करेंगी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

सरकार की प्लानिंग है कि बैठक के तुरंत बाद कुछ विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें सीधे परीक्षा केंद्रों का दौरा करेंगी और वहां के मौजूदा इंतजामों को परखेंगी। अगर किसी सेंटर पर पर्याप्त सुरक्षा या प्रबंधन नहीं मिला, तो उसे तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा। इधर, नीट पेपर रद्द होने के कारण राज्य के युवाओं में भारी रोष और नाराजगी का माहौल है। पिछले दिनों सिरसा में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन भी किया था।

सिरसा में 2500 से ज्यादा छात्र दोबारा देंगे परीक्षा

इस बीच, सिरसा जिले में भी प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पिछले सप्ताह ही सिरसा के एडीसी अर्पित संगल ने एनटीए द्वारा 21 जून रविवार को होने वाली इस परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, उचित वेंटिलेशन यानी हवादार कमरों और अभ्यर्थियों के बैठने की आरामदायक व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए थे।

सिटी को-ऑर्डिनेटर एवं पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 के प्राचार्य प्रदीप सिंह ने बताया कि अकेले सिरसा जिले में कुल 2,526 अभ्यर्थी इस पुनर्परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक पेन और पेपर मोड यानी ऑफलाइन माध्यम से ली जा