शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह और सियासी तनाव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस द्वारा बुलाई गई एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बीच तीखी तनातनी देखने को मिली। अब इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है।
“हम कर लेंगे”… जब हरीश चौधरी ने दिग्विजय को टोका
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब दिग्विजय सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जेपी धनोपिया को कुछ बोलने के लिए कहा। दिग्विजय सिंह की इस बात पर बीच में टोकते हुए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने उन्हें दो टूक लहजे में कहा- हम कर लेंगे। प्रभारी की इस बात पर दिग्विजय सिंह असहज हो गए और उन्होंने भरे मंच पर हाथ जोड़कर हरीश चौधरी को जवाब दिया। दोनों नेताओं के बीच हुआ यह सीधा संवाद कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।
मीनाक्षी नटराजन नामांकन विवाद: चुनाव आयोग से नहीं मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट पहुंची कांग्रेस
जीतू पटवारी के कहने पर भी दिग्विजय ने मना किया
नेताओं के बीच का यह मनमुटाव यहीं नहीं थमा। जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शिष्टाचार के नाते दिग्विजय सिंह से मीडिया के सामने अपनी बात रखने (बोलने) का आग्रह किया, तो दिग्विजय सिंह ने साफ तौर पर इनकार कर दिया। उन्होंने हाथ हिलाकर माइक संभालने या कुछ भी बोलने से मना कर दिया, जिससे मंच पर मौजूद अन्य नेता भी सन्न रह गए।
नामांकन विवाद के बीच गहराया आपसी तनाव
दरअसल, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद कांग्रेस ने डैमेज कंट्रोल और आगामी रणनीति को लेकर यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। कांग्रेस जहां एक तरफ इस मुद्दे पर कानूनी और राजनैतिक लड़ाई लड़ने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ शीर्ष नेतृत्व के बीच मंच पर दिखी इस तनातनी ने पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को उजागर कर दिया है। विपक्षी दल अब इस वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं, जबकि कांग्रेस खेमे में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।

