मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'हरियाणा विजन-2047' के तहत उच्चतर शिक्षा विभाग की आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की रैंकिंग तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने उच्च शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में ‘हरियाणा विजन-2047’ के तहत उच्चतर शिक्षा विभाग की आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की रैंकिंग तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शिक्षण संस्थानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) की शीर्ष 150 संस्थाओं में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग, छात्र विनिमय कार्यक्रम और अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में 22 मॉडल संस्कृति महाविद्यालयों को स्वायत्त संस्थानों के रूप में विकसित करने की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इन संस्थानों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने सभी निर्माणाधीन कॉलेज भवनों और शैक्षणिक परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचकूला और गुरुग्राम में स्थापित किए जाने वाले ऑटोनॉमस एआई डिजिटल कॉलेजों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है। इसके साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने, छात्राओं को दी जा रही फीस राहत, छात्रवृत्ति योजनाओं को मजबूत बनाने तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं और परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि हरियाणा को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जा सके।

