हिमाचल प्रदेश। नई कार लेकर हिमाचल घूमने पहुंचे हरियाणा के कुछ युवकों की पुलिस चेकिंग उस वक्त चर्चा में आ गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक एएसआई (Assistant Sub-Inspector) की उनसे हुई बातचीत कार के डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में एएसआई कार और उसके मालिक से जुड़ी सामान्य जानकारी लेने के बाद कथित तौर पर ‘मुंह मीठा’ कराने की बात करता सुनाई दे रहा है।

घटना जसवां परागपुर इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को चेकिंग के दौरान एएसआई ने हरियाणा नंबर की कार को रोका था। बातचीत करीब पौने दो मिनट चली। युवकों ने बताया कि कार उन्होंने करीब सात महीने पहले खरीदी थी। इसके बाद एएसआई ने नई गाड़ी के लिए बधाई देते हुए मिठाई खिलाने की बात कही।

युवकों ने जब ऐसा करने से इनकार किया तो बातचीत आगे बढ़ती गई। वीडियो में पुलिसकर्मी हरियाणा का पता पूछता है और युवक के हरियाणा से होने की जानकारी मिलने के बाद यह कहते हुए सुनाई देता है कि हरियाणा के लोग दिलेर होते हैं। इसके बाद वह युवक से पढ़ाई और कामकाज से संबंधित सवाल भी करता है।

बोतल आगे बढ़ाई तो पुलिसकर्मी ने किया इनकार

बातचीत के दौरान जब युवक ने किसी तरह की मिठाई या कुछ और देने में असमर्थता जताई तो एएसआई की तरफ से दोबारा ‘थोड़ा सा’ करने की बात कही गई। इसी बीच युवक ने कार में मौजूद एक बोतल उसकी तरफ बढ़ा दी। युवक ने बताया कि उसमें थोड़ी मात्रा बची हुई है।

पुलिसकर्मी ने बोतल लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद कुछ देर बातचीत हुई और आखिरकार युवकों को वहां से जाने दिया गया। पूरी बातचीत कार में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी।

सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद विभागीय कार्रवाई

बाद में टूरिस्ट ने रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर साझा कर दी। वीडियो सामने आने के बाद देहरा के एसपी संदीप धवल ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि वीडियो में पुलिसकर्मी का व्यवहार अमर्यादित दिखाई दे रहा है।

एसपी के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है और इसकी जिम्मेदारी डीएसपी डाडासिबा को सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो में सामने आए व्यवहार को गंभीरता से लिया गया है और जांच के दौरान पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को देखा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m