राकेश कथूरिया, कैथल. जापान में आयोजित एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में दो रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले कैथल के युवा निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों का शनिवार को जिन्दल हाउस कैथल में भव्य अभिनंदन किया गया। सांसद नवीन जिन्दल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने हिमांशु ढिल्लो का ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर हिमांशु ढिल्लों ने कहा कि 2018 में उन्होंने देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सपना देखा था। इस लक्ष्य को हासिल करने के सफर में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन सांसद नवीन जिन्दल से संपर्क होने के बाद उनके खेल जीवन को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया, बल्कि शूटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स और लगातार प्रोत्साहन भी दिया।

हिमांशु ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के शब्द उनके लिए हमेशा प्रेरणा बने रहे। उन्होंने कहा था कि हार-जीत की चिंता किए बिना अपनी मेहनत और खेल पर ध्यान दो, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करो और खेल का आनंद लो। हिमांशु ने कहा कि नवीन जिन्दल स्वयं निशानेबाजी के खिलाड़ी रहे हैं, इसलिए उन्हें उनसे एक खिलाड़ी के तौर पर एकाग्रता, निशानेबाजी और खेल के नियमों को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।

हिमांशु ने सांसद नवीन जिन्दल और अपने पिता शमशेर सिंह को अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके पिता ने हमेशा आगे बढ़ने का हौसला दिया, जबकि नवीन जिन्दल ने एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। उनके प्रोत्साहन और सहयोग ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की ताकत दी।

खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना और उनका हर संभव सहयोग मेरी प्राथमिकता : सांसद नवीन जिन्दल

सांसद कार्यालय कैथल के प्रभारी रविन्द्र धीमान ने समारोह में सांसद नवीन जिन्दल की ओर से हिमांशु और उनके परिवार के लिए भेजा गया शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया। सांसद नवीन जिन्दल ने अपने संदेश में कहा कि हिमांशु ने एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीतकर कैथल, हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

सांसद नवीन जिन्दल ने हिमांशु के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता में परिवार के निरंतर प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक खिलाड़ी हैं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सांसद नवीन जिन्दल ने विश्वास जताया कि हिमांशु आने वाले समय में भी देश के लिए अनेक पदक जीतकर कैथल, हरियाणा और भारत का नाम रोशन करेंगे।