कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के श्रमोदय स्कूल प्राचार्य द्वारा शिक्षा के मंदिर में हिंदू मुस्लिम में भेदभाव का मामले सामने आया है। मामला सामने आने के बाद अपर संचालक लोक शिक्षा विभाग ने प्राचार्य के खिलाफ जांच के आदेश दिए है।
जय श्रीराम के नारे लगाने पर मारपीट का गंभीर आरोप
दरअसल स्कूल प्राचार्य अब्दुल शाहिर शेख द्वारा हिंदू शिक्षकों को प्रताड़ित और अपमानित करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इसके अलावा स्कूल में अनियमिताओं और कई गंभीर शिकायतें भी सामने आई है। यह आरोप अतिथि शिक्षकों ने स्कूल के प्राचार्य पर लगाए है। इतना ही नहीं स्टाफ रूम में कैमरा से रिकॉर्डिंग कर उसका दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया है। रामनवमी पर विद्यार्थियों द्वारा हॉस्टल में जय श्रीराम के नारे लगाने पर प्राचार्य और उनके सहयोगियों द्वारा विद्यार्थियों को मारने पीटने का आरोप लगाया गया है।
120 से अधिक विद्यार्थियों ने स्कूल से ले ली टीसी
इन्हीं हरकतों के कारण लगभग 120 से अधिक विद्यार्थियों ने स्कूल से नाम कटवा कर अपनी टीसी ले ली है। स्टूडेंट्स ने शिकायत करने के बाद भी विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। श्रमोदय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ विशेष सहायक मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम विभाग द्वारा पत्र भेजा गया है। अपर संचालक लोक शिक्षा ने जांच के आदेश जारी किए है।


