विनोद सैनी, हिसार। हिसार के अग्रोहा में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी और किसानों को खाद के साथ जबरन सामान टैग करने की शिकायत पर CM फ्लाइंग टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। हिसार रेंज की CM फ्लाइंग टीम ने इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में अग्रोहा स्थित मैं किसान सेवा केंद्र पर रेड की। कार्रवाई कृषि विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से की गई।
CM फ्लाइंग टीम को किसानों से गुप्त सूचना मिली थी कि दुकान पर यूरिया खाद बेचने के दौरान किसानों को जबरन अन्य सामान के साथ खाद लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इसके अलावा यूरिया खाद को निर्धारित सरकारी कीमत से अधिक दाम पर बेचने की भी शिकायत मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
बोगस ग्राहक बनकर खाद खरीदी, सामने आया मामला
कालाबाजारी की शिकायत की पुष्टि के लिए CM फ्लाइंग और कृषि विभाग की टीम ने अपनी ही टीम के एक सदस्य को बोगस ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। टीम ने मौके से यूरिया खाद खरीदी। इस दौरान निर्धारित कीमत से अधिक राशि लिए जाने और खाद के साथ अन्य सामान टैग किए जाने की शिकायत की पुष्टि हुई।
किसानों के लिए यूरिया खाद का निर्धारित मूल्य 267.50 रुपये प्रति कट्टा है, जबकि दुकान पर इसे कथित तौर पर 300 रुपये में बेचे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद अधिकारियों ने दुकान का रिकॉर्ड और खाद के स्टॉक की जांच शुरू कर दी।

दुकान पर मिला करीब 5 हजार कट्टों का स्टॉक
रेड के दौरान दुकान पर करीब 5 हजार कट्टे यूरिया खाद का स्टॉक मिला। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल यूरिया खाद की कोई कमी नहीं है और किसानों की जरूरत के मुताबिक पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। इसके बावजूद अधिक कीमत पर खाद बेचने और किसानों को अतिरिक्त सामान लेने के लिए मजबूर करने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है।
CM फ्लाइंग और कृषि विभाग की टीम दुकान के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी है। टीम यह भी जांच कर रही है कि दुकान पर खाद की खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड नियमों के अनुसार है या नहीं।

पुलिस को सौंपी जाएगी आगामी कार्रवाई
अधिकारियों द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए मामला पुलिस को सौंपा जाएगा।
सरकार की ओर से खाद विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को यूरिया खाद निर्धारित सरकारी दर पर ही उपलब्ध कराई जाए। किसानों को खाद के साथ जबरन कोई अन्य सामान बेचने या निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई के निर्देश हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा प्रदेश में वर्तमान में यूरिया खाद की कमी नहीं है और प्रदेश के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। ऐसे में किसानों को घबराने या जरूरत से ज्यादा खाद खरीदने की आवश्यकता नहीं है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


