ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट और 12.40 करोड़ की कथित धोखाधड़ी समेत कई मामलों पर हुई सुनवाई, लंबित शिकायतों की जांच और कार्रवाई के दिए आदेश

हिसार। जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक मंगलवार को हिसार में आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी 13 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गईं। इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में जांच और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि समिति के सदस्य शिकायतों की जांच में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए विभागीय अधिकारी उनकी राय को गंभीरता से लें और जांच को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें।

शिकायतों के समाधान में देरी न करें अधिकारी

बैठक के दौरान डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए और नियमानुसार उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करें और जांच में समिति के सदस्यों के सुझावों को भी उचित महत्व दें।

ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट और धोखाधड़ी के मामलों पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायत पर भी सुनवाई हुई। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को मामले में ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर के जरिए नक्शा पास करवाने के आरोपों की भी पुख्ता जांच करने को कहा।

आदमपुर निवासी सुरेश कुमार की करीब 12 करोड़ 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी की शिकायत पर भी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी को विदेश से लाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस पर मंत्री ने दूसरे आरोपी विकास को भी पकड़ने के निर्देश दिए।

वाटर वर्क्स में खराब फिल्टर और बिना शुद्ध पानी की सप्लाई का मामला

गांव मोहब्बतपुर निवासी रमेश बेनीवाल ने दो गांवों के वाटर वर्क्स में पांच में से केवल एक फिल्टर चालू होने और पिछले 5-6 वर्षों से फिल्टर मीडिया नहीं बदले जाने की शिकायत रखी। शिकायत में बिना फिल्टर किए पानी की सप्लाई होने का आरोप लगाया गया था।

इस मामले में गठित कमेटी की ओर से एसडीएम ज्योति मित्तल ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत कार्यकारी अभियंता समेत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चार्जशीट जारी की जा चुकी है। मंत्री ने दोषियों से रिकवरी करने के भी निर्देश दिए।

संपत्ति आईडी और अवैध ट्यूबवेल की शिकायतों का समाधान

हरिनगर निवासी सूरजभान और राकेश ने नगर निगम के रिकॉर्ड में गलत तरीके से संपत्ति आईडी जारी करने और उसके आधार पर संपत्ति पर कब्जा करने की शिकायत की थी। बैठक में बताया गया कि मामले का समाधान कर दिया गया है और शिकायतकर्ता पक्ष कार्रवाई से संतुष्ट है।

वहीं, गांव चमार खेड़ा निवासी सुनील ने पड़ोसियों पर अवैध रूप से ट्यूबवेल लगाने, बिजली कनेक्शन लेने और पाइपलाइन जोड़ने का आरोप लगाया था। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई करते हुए ट्यूबवेल हटवा दिया गया है। मंत्री ने ट्यूबवेल के कारण शिकायतकर्ता के मकान को हुए नुकसान का मुआवजा देने के निर्देश भी दिए।

सोलर पंप और बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतें भी सुलझीं

गांव सिवानी बोलान निवासी बलबीर सिंह ने 5 एचपी के सोलर पंप सेट के खराब होने की शिकायत रखी। वहीं, कृष्णा नगर के वार्ड नंबर-15 निवासी सुनील, किशोर कुमार, मोहित और अन्य लोगों ने बिजली ट्रांसफार्मर को दोबारा सर्वे करवाकर तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुसार उचित स्थान पर लगाने की मांग की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों का समाधान कर दिया गया है।

गांव सीसवाल निवासी राकेश ने सीसवाल-कोहली रोड के निर्माण की गुणवत्ता की जांच करवाने और निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क बनवाने की मांग की। इस पर मंत्री ने ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।

जलभराव और सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई

वार्ड नंबर-8 के शांति नगर निवासियों ने बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित और स्थायी व्यवस्था करने की मांग रखी। वहीं, लाजपत नगर निवासी संजय कुमार ने राजगढ़ रोड से लाजपत नगर जाने वाली सड़क के निर्माण के दौरान बिजली के खंभों से हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने खंभों को सड़क के किनारे स्थानांतरित करवाने की मांग की। बैठक में अधिकारियों ने दोनों मामलों का समाधान होने की जानकारी दी।

किशनगढ़ सब ब्रांच मोगा नंबर 90660-एल के अंतिम छोर तक पर्याप्त नहरी पानी पहुंचाने के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन बनाने की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित विभाग को परियोजना की व्यवहार्यता जांचने के निर्देश दिए।

पोल्ट्री फार्म और बूस्टिंग स्टेशन के मामले भी उठे

गांव मोड़ा खेड़ा के निवासियों ने शिकायत की कि दड़ौली रोड स्थित कृषि भूमि पर चल रहे पोल्ट्री फार्म को पहले बंद करवाया गया था, लेकिन बाद में इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। इस पर संबंधित विभाग ने बताया कि मामले में जरूरी कदम उठाकर शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया जाएगा।

गांव भैणी बादशाहपुर निवासी सत्यवान ने बूस्टिंग स्टेशन के टैंक को ऊंचा और मजबूत करवाने के साथ नई चारदीवारी और गेट बनवाने की मांग रखी। मंत्री ने भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ को मौके पर जाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए।

पिछली बैठकों के मामलों पर भी हुई चर्चा

बैठक के निर्धारित एजेंडे के अलावा पिछली बैठकों में उठाए गए कुछ मामलों पर भी चर्चा की गई। टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित प्लॉट दिलवाने की मांग रखी थी। उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि वे स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। प्रार्थी का मामला सरकार के समक्ष रखा जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद प्लॉट आवंटित किया जाएगा।

राजदरबार प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ पिछली ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय को सहमति के बावजूद लागू नहीं करने का मामला भी उठा। मंत्री ने संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

इसी तरह स्कॉलर कॉलोनी में प्रेम नाम के शिकायतकर्ता को निर्णय के बावजूद कॉलोनी संचालक की ओर से राशि नहीं दिए जाने का मामला सामने आया। मंत्री ने इस पर दोबारा बैठक करने के निर्देश दिए। इसमें विधायक रणधीर पनिहार और ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य को शामिल करने को कहा गया।

बैठक में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक रणधीर पनिहार, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, एसडीएम ज्योति मित्तल, सीटीएम रोहित कुमार, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना और ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।