हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर स्वात टीम ने पिरावली गांव में चल रही अवैध शराब भट्ठी पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध उपकरण जब्त किए गए हैं और 400 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया गया है।
काजल, हिसार। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत SWAT टीम-2 को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चेकिंग के दौरान गांव पिरावली में चल रही अवैध शराब की भट्ठी पर कार्रवाई करते हुए मौके से अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 400 लीटर लाहन बरामद हुआ, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि इसका किसी भी तरह से दुरुपयोग न हो सके। पुलिस ने मौके से बरामद समस्त सामान को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरार आरोपी की तलाश तेज
प्रारंभिक जांच में अवैध शराब निर्माण में संलिप्त मुख्य आरोपी मौके से फरार मिला। पुलिस द्वारा आरोपी की सटीक पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण, बिक्री एवं तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हिसार पुलिस ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी यह अभियान पूरी दृढ़ता के साथ लगातार जारी रहेगा।
सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय
उन्होंने आमजन से विशेष अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत हिसार पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि जनता के सहयोग से ही इस प्रकार के अवैध शराब माफियाओं के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सकता है। इस छापेमारी के बाद से ही क्षेत्र के अन्य अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की खुफिया टीमें अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई दोबारा ऐसी भट्ठी न चला सके।

