Hisar Khara Barwala Murder Case : हिसार: आदमपुर थाना क्षेत्र के खारा बरवाला गांव में 13 सितंबर की रात हुई रजनीश की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। नई गिरफ्तारी के बाद इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या छह हो गई है। पुलिस ने जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में SC/ST एक्ट की धारा भी जोड़ी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र आत्माराम के रूप में हुई है। वह चक्की चोपता, सादुलपुर का रहने वाला है और फिलहाल भादरा बाईपास, आदमपुर में रह रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

पहले पांच आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस इससे पहले जयराम पुत्र सुखदेव और अक्षय जाजूदा पुत्र सुभाष, दोनों निवासी खारा बरवाला, को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके अलावा संदीप पुत्र पुरुषोत्तम निवासी रविदास मंदिर, मंडी आदमपुर, उमेश पुत्र विनोद कुमार निवासी गणेश चौक, जवाहर नगर, मंडी आदमपुर और समीर पुत्र सुनील निवासी दरौली रोड, टिब्बा बस्ती, मंडी आदमपुर को भी पुलिस ने पकड़ा है।

पेट्रोल पंप पर रुकी बाइक, तभी हुआ हमला

पुलिस को दिए बयान में गौतम पुत्र जोगीराम, निवासी खारा बरवाला ने बताया कि उसके भाई रजनीश और विष्णु की गांव के ही जयराम व अक्षय जाजूदा के साथ रंजिश चल रही थी।

13 सितंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच गौतम और रजनीश मोटरसाइकिल से मंडी आदमपुर से दूध लेकर खारा बरवाला स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में मोटरसाइकिल के टायर में हवा कम होने के कारण उन्होंने पंवार फिलिंग स्टेशन पर बाइक रोक दी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर तेजधार हथियार और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया।

हमले में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

चार टीमों ने शुरू की थी आरोपियों की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश शुरू की गई।

जांच में SC/ST एक्ट की धारा भी जोड़ी गई

उप पुलिस अधीक्षक अग्रोहा किशोरी लाल के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में SC/ST एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस का कहना है कि केस से जुड़े सभी साक्ष्यों और तथ्यों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद वारदात में उसकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m