हिसार के शिवनगर इलाके में एक 32 वर्षीय महिला की उसके लिव-इन पार्टनर ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया।
विनोद सैनी, हिसार। शिवनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय महिला की उसके साथी ने कथित तौर पर चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी स्वयं सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस के सामने हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। मृतका की पहचान पूजा (32) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से गौरव (28) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
खुद पुलिस चौकी पहुंचा आरोपी
गुरुवार सुबह आरोपी गौरव खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने पूजा की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और पुलिस आरोपी को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंची, जहां कमरे में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पुलिस ने बिना देरी किए घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।
चरित्र पर शक में वारदात
प्रारंभिक जांच के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर गहरा विवाद हुआ था। आरोप है कि गुस्से में आकर गौरव ने पूजा पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। महिला के गले, पेट और पीठ पर गंभीर चोटें मिली हैं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि पूजा पिछले कुछ महीनों से किसी अन्य युवक के संपर्क में थी, जिसके चलते उसने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के इस दावे की भी गहनता से जांच की जा रही है।
मृतका की मां के आरोप
जानकारी के अनुसार पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं। दूसरी शादी के बाद रिश्ते खराब होने पर वह गौरव के साथ रहने लगी थी। वहीं मृतका की मां ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनकी बेटी से गलत काम करवाता था और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था। पुलिस इन संगीन आरोपों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

