हिसार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया है। स्वच्छता नियमों का पालन न करने और खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ निगम ने भारी जुर्माना लगाया है।

काजल, हिसार। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने स्वच्छता नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर स्वच्छता टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सघन निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान खुले में कचरा फेंकने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों और नागरिकों के खिलाफ मौके पर ही जुर्माना लगाया जा रहा है। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह विशेष निरीक्षण अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

ट्रैक्टर संचालक पर भारी जुर्माना

इस कार्रवाई के दौरान एएसआई प्रवीण ने सेक्टर-16-17 के नजदीक साउथ बाईपास क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालक को सरेआम खुले में भारी मात्रा में कचरा डालते हुए पकड़ा। इस गंभीर लापरवाही पर तुरंत एक्शन लेते हुए निगम की टीम ने संबंधित व्यक्ति का मौके पर ही 5 हजार रुपये का चालान काटा। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में एएसआई विजेता ने सेक्टर-14 क्षेत्र में एक दुकानदार द्वारा दुकान के बाहर खुले में कचरा फेंकने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका भी चालान किया। नियमों की अनदेखी करने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी जागरूक नागरिकों और स्थानीय दुकानदारों से विशेष अपील की है कि वे सूखे और गीले कचरे का केवल उचित निस्तारण ही करें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति मुख्य सड़कों, खाली प्लाटों या सार्वजनिक स्थानों पर खुले में कचरा बिल्कुल न डालें और स्वच्छता नियमों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें। निगम अधिकारियों का कहना है कि जनता के सहयोग के बिना शहर को पूरी तरह सुंदर नहीं बनाया जा सकता है। इसलिए सभी लोग डस्टबिन का प्रयोग करें और कचरा उठाने वाली गाड़ियों को ही अपना कचरा सौंपें।