हिसार। पटेल नगर में शुक्रवार देर शाम 20 वर्षीय युवक समीर को गली के ही एक युवक ने चाकू घोंप दिया। चाकू उसके पिछले हिस्से में कूल्हे के नीचे धंस गया। दर्द से तड़पते समीर को ई-रिक्शा से हिसार के नागरिक अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया। परिजनों ने बाद में उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

समीर के दोस्तों के मुताबिक उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। वह डाबड़ा चौक स्थित एसबीआई बैंक में चाय-पानी पिलाने का काम करता है। शुक्रवार शाम बैंक से घर लौटने के बाद गली में ही एक युवक से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।
दोस्तों के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवक ने समीर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके पिछले हिस्से में धंस गया। इसके बाद समीर वहीं गिर गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में रेफर किया गया
नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद समीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि समीर और दूसरे युवक के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। पुलिस घायल युवक का बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
वारदात के बाद चाकू मारने वाला युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


