विनोद सैनी ,हिसार। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गांजा तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील यादव पुत्र प्रवेश यादव निवासी जिला खगड़िया (बिहार), हाल निवासी आजाद नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक इंद्र सिंह गोदारा ने बताया कि इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी का सुराग मिला था। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से काबू कर लिया।

रिमांड में होंगे कई बड़े खुलासे

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। संभावना है कि रिमांड के दौरान नशा तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किन-किन राज्यों में नशे की सप्लाई करता था और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

नशा तस्करों पर हिसार पुलिस का शिकंजा

हिसार पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे की लत से बचाने और नशा कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसी भी कीमत पर नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिसार पुलिस का कहना है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।