विनोद सैनी ,हिसार। आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बरवाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने का अवैध कारोबार चला रहा था।
थाना बरवाला में तैनात पीएसआई नवीन ने बताया कि पुलिस टीम गश्त और अपराध जांच के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर बस अड्डा के सामने स्थित एक दुकान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान गोविंद पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी वार्ड नंबर-9, बरवाला को अवैध सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट-2025 की धारा 4(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आईपीएल मैचों पर अवैध रूप से सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों का खुलासा किया जा सके।
सट्टेबाजों को एसपी की सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टेबाजी, जुआ और ऑनलाइन बेटिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सट्टेबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह युवाओं को गलत दिशा में ले जाकर आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कारण भी बनती है। हिसार पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है और भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।
आमजन से सहयोग की अपील
हिसार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध सट्टेबाजी, जुआ या बेटिंग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

