हिसार में पुलिस ने राहगीर से मारपीट कर लूटने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है।
विनोद सैनी, हिसार। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार जिला में लूट, डकैती एवं अन्य संगीन अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना हिसार सदर पुलिस ने तत्परता एवं तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत पुत्र रमेश निवासी विकास कॉलोनी, कैमरी रोड हिसार तथा रवि पुत्र संजय निवासी नजदीक कृष्णा जी मंदिर, जींद के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग ई-रिक्शा व मोबाईल बरामद कर कब्जा पुलिस में लिया गया है।
सुनसान इलाके में की थी मारपीट
थाना सदर से उप नि. दया राम ने बताया कि शिकायतकर्ता सुरेन्द्र कुमार पुत्र महाबीर प्रसाद निवासी राजल देसर, जिला चुरु राजस्थान की शिकायत पर आरोपियों द्वारा दिनांक 24/25.05.2026 की रात को उसे चुरू की ट्रेन न मिलने पर उसने आरोपियों से बोला की उसे बस स्टेण्ड हिसार जाना है जो आरोपी बस स्टेण्ड हिसार की बजाय शिकायत कर्ता को सुनसान ऐरीया फाटक पार लुदास रोड घोड़ा फार्म के पास लेजाकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर उसके पर्स से 4700 रुपये तथा मोबाइल फोन छीनने के संबंध में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच एवं साइबर सैल की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयोग किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनसे अन्य वारदातों एवं आपराधिक नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि जिला हिसार में कानून व्यवस्था भंग करने वाले, लूटपाट एवं डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। जिला पुलिस हिसार आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

