हिसार में इंस्टाग्राम पर फोटोशूट के बहाने बुलाई गई युवती ने स्टूडियो के चेंजिंग रूम में गुप्त कैमरा पकड़ा है। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।
हिसार। जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के निरंकारी रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो के चेंजिंग रूम में युवती ने गुप्त कैमरा (हिडन कैमरा) पकड़ा है। शिकायत मिलने के बाद अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी स्टूडियो संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सेक्टर-13 निवासी प्रतीक पिलानिया के रूप में हुई है, जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फोटोशूट का दिया था झांसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती को इंस्टाग्राम पर फोटोशूट और कोलैबोरेशन का प्रस्ताव दिया गया था। बातचीत तय होने के बाद 18 जुलाई को युवती डाबड़ा चौक स्थित ‘स्टूडियो सिनेमैजिक’ पहुंची थी। जब वह कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम में गई, तो वहां दीवार पर लगे कार्डबोर्ड में कुछ संदिग्ध उपकरण नजर आया। ध्यान से देखने पर पता चला कि दीवार के दो छोटे छेदों के पीछे गुप्त कैमरा छिपाया गया था।
दोस्त की मदद से निकाला कैमरा
संदेह होने पर युवती ने तुरंत अपने दोस्त को कॉल करके अंदर बुलाया। इसके बाद दीवार के हिस्से को हटाकर वहां लगे दो कैमरे बाहर निकाले गए। पीड़िता का आरोप है कि कैमरे पकड़े जाने पर आरोपी प्रतीक और उसके पिता ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों ने बदसलूकी करते हुए जबरन कैमरे छीनने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी प्रभारी राजेश ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्रतीक पिलानिया और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आशंका जताई जा रही है कि इस गुप्त कैमरे में अन्य युवतियों के भी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल कैमरे से बरामद डिजिटल साक्ष्यों और रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।


