हिसार। सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और खाप प्रतिनिधियों का गुस्सा बढ़ गया है। 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद शनिवार को परिजनों और पूनिया व कुंडू खाप के प्रतिनिधियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक जीवन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

परिजन और खाप प्रतिनिधि आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लघु सचिवालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि उन्होंने करीब तीन से चार घंटे तक पुलिस अधीक्षक से मिलने का इंतजार किया, लेकिन एसपी सिद्धांत जैन उनसे मिलने नहीं पहुंचे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया।

खाप प्रतिनिधियों के मुताबिक, सड़क जाम किए जाने के कुछ ही मिनट बाद एसपी सिद्धांत जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस की ओर से बताया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर उनकी तलाश की जा रही है। हालांकि, खाप प्रतिनिधि पुलिस के इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने एसपी से वापस जाने को कहा।

कुंडू खाप के प्रधान राजबीर सुरेश कोथ और सुरेंद्र मान ने कहा कि परिवार और खाप की ओर से प्रशासन को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन समय सीमा खत्म होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। इसके बाद अब लघु सचिवालय में पक्का धरना शुरू करने का फैसला लिया गया है।

परिजनों का कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि आरोपियों की गिरफ्तारी चाहिए। परिवार ने ऐलान किया है कि जब तक हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक जीवन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

डेढ़ महीने पहले हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले जीवन का अपने पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद डेयरी में खोर (हौद) बनाने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान रमेश पक्ष की ओर से जीवन की पत्नी पर बरछी से हमला किया गया था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था।

अब जीवन की हत्या के बाद पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है। परिवार और खाप प्रतिनिधि इसी मामले से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस तलाश में जुटी

फिलहाल पुलिस का कहना है कि हत्या के आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, दूसरी ओर परिवार और खाप प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया है कि गिरफ्तारी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस पूरे घटनाक्रम के चलते सूर्यनगर और लघु सचिवालय क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और आगे की स्थिति पर सभी की नजर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m