हिसार । जिले के गांव किरतान में खेत में सिंचाई के दौरान 16 वर्षीय अंश पानी से भरे टैंक में जा गिरा। बेटे को डूबता देखकर परिवार के लोगों ने उसे बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। ग्रामीण युवकों ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद अंश को बाहर निकाला, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

बताया गया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे अंश खेत में सिंचाई का काम कर रहा था। ट्रैक्टर से पानी छोड़े जाने के बाद वह सिंचाई व्यवस्था देखने के लिए टैंक के पास गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। टैंक पानी से लबालब भरा हुआ था, जिसके चलते अंश को संभलने का मौका नहीं मिला।

अंश के पानी में गिरते ही उसकी मां और बड़ी बहन पूजा उसे निकालने के लिए टैंक में उतर गईं। दोनों ने काफी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे अंश तक नहीं पहुंच पाईं। इसके बाद चाचा भी पानी में कूदे और मां तथा बहन को बाहर निकाला। इसी बीच हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो ग्रामीण मौके पर जुट गए।

गांव के कुछ युवकों ने टैंक में उतरकर अंश की तलाश शुरू की। करीब 15 मिनट बाद उसे बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल हिसार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अंश परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता फूल कुमार की पहले ही सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। पिता के निधन के बाद अंश ही परिवार का एकमात्र बेटा था और खेती के काम में अपनी मां व परिवार का हाथ बंटाता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद बालसमंद चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजनों ने अंश का अंतिम संस्कार कर दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m