हिसार। हिसार की राजनीति में इन दिनों एक वायरल पोस्टर ने नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टर में हिसार की विधायक और मेयर की तस्वीरों के साथ उनके कामकाज को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पोस्टर पर लिखा है कि “हिसार में हम खुद टाइमपास कर रहे हैं, हम हिसार का कुछ नहीं कर सकते”। पोस्टर में हिसार के विकास को लेकर भी कटाक्ष किया गया है।

पोस्टर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग पोस्टर के जरिए विधायक और मेयर के कामकाज पर निशाना साध रहे हैं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विधायक और मेयर के समर्थन में भी लोग सामने आए हैं और पोस्टर की भाषा तथा उसमें लगाए गए आरोपों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

वायरल पोस्टर में दोनों जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों के साथ “अपने मौका दिया, इसके लिए दिल से धन्यवाद” जैसे शब्द भी लिखे गए हैं। हालांकि पोस्टर किसने तैयार किया और इसे सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया, इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि सामने नहीं आई है।’

पोस्टर सामने आने के बाद हिसार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। अब सोशल मीडिया पर चल रही इस बहस ने शहर के विकास, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और उनके कामकाज को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। आने वाले दिनों में यह मामला राजनीतिक तौर पर और तूल पकड़ सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m