हिसार के विजय नगर की निवासी अंजू गर्ग ने बुधवार दोपहर बस स्टैंड के पास स्थित जिंदल पार्क में सल्फास खाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई शुरू की है।
हिसार। जिले में स्थित बस स्टैंड के पास जिंदल पार्क में बुधवार दोपहर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान विजय नगर निवासी 35 वर्षीया अंजू गर्ग के रूप में हुई है। दोपहर लगभग 12 बजे घटी इस घटना के बाद महिला को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। करीब डेढ़ बजे मामले की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस ने परिजनों को सूचित किया।
घरेलू कलह बनी वजह
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि महिला पारिवारिक तनाव और घरेलू कलह के कारण लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी। शहर थाना प्रभारी अमित ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
मृतका के भाई अरुण ने बताया कि उसकी बहन के पति सज्जन का निधन करीब आठ वर्ष पहले हो गया था। वह अपने 10 साल के बेटे वंश का पालन-पोषण करने के लिए नागोरी गेट स्थित एक स्टेशनरी की दुकान में नौकरी करती थी। रोजाना की तरह वह बुधवार सुबह नौ बजे घर से काम पर जाने के लिए निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची।
दुकान मालकिन के सामने छलका था दर्द
स्टेशनरी दुकान की मालकिन के अनुसार, अंजू बीते चार-पांच दिनों से बेहद भावुक थी और दुकान में रो रही थी। मंगलवार शाम को उसने अपनी आपबीती साझा करते हुए कहा था कि यदि उसके पति जीवित होते तो उसे यह दिन नहीं देखना पड़ता।
दुकानदार अक्षय ने जानकारी दी कि बुधवार सुबह अंजू ने व्हाट्सएप पर सामान की सूची भेजी थी। इसके बाद जब वह 10:40 बजे तक दुकान नहीं पहुंची और फोन भी नहीं उठाया, तो बीमारी के अंदेशे के कारण उस पर ध्यान नहीं दिया गया। दोपहर में उसकी मृत्यु की खबर मिली।
धार्मिक कार्यक्रमों में रहती थी सक्रिय
आस-पास के व्यापारियों ने बताया कि अंजू श्याम मंडल से जुड़ी हुई थी और सेक्टर 16-17 में स्थित श्याम मंदिर के आयोजनों में नियमित भाग लेती थी। मंगलवार दोपहर भी वह एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुई थी।
पड़ोसी दुकानदार अशोक ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसने अंजू को दुकान के पास से गुजरते देखा था और उसका हाल-चाल पूछा था। तब महिला ने ठीक होने की बात कही थी, लेकिन दोपहर में उसकी मौत की खबर आ गई।


