हिजबुल मुजाहिद्दीन के डिप्टी सुप्रीम कमांडर शमशीर खान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सार्वजनिक मंच से पाकिस्तान और कश्मीर में सक्रिय आतंकवाद को लेकर बड़ा कबूलनामा करता दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में जमात-ए-इस्लामी की एक सभा के दौरान दिए गए उसके बयान को भारत के उन दावों के संदर्भ में देखा जा रहा है, जिनमें पाकिस्तान पर सीमा पार से आतंकियों को भेजने का आरोप लगाया जाता रहा है।
शमशीर खान ने क्या कहा?
अपने संबोधन में शमशीर खान ने कहा कि लोलाब और कुपवाड़ा से लेकर कठुआ तक कश्मीर का शायद ही कोई ऐसा कब्रिस्तान बचा हो, जहां पाकिस्तानी आतंकवादी दफन न हों। उसने दावा किया कि पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों से आए आतंकियों ने कश्मीर में गतिविधियां चलाईं, लेकिन बड़ी संख्या में वे भारतीय सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए।
हालांकि, उसने यह भी कहा कि पाकिस्तान और कश्मीर के बीच संबंधों को कोई कमजोर नहीं कर सकता। उसके इस बयान को भारत के लंबे समय से किए जा रहे आरोपों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।
भारत के दावों को मिली मजबूती
भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह आरोप लगाता रहा है कि पाकिस्तान अपनी जमीन का इस्तेमाल आतंकवादी संगठनों को संरक्षण देने और उन्हें जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ के लिए करता है। शमशीर खान का यह बयान उन दावों को नई चर्चा में ले आया है।
इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज किए हुए हैं। हाल ही में सोपोर के पांजला क्षेत्र में पाकिस्तान में सक्रिय हिजबुल आतंकी गुलाम मोहम्मद भट उर्फ हैदर की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, वह अवैध हथियारों का प्रशिक्षण लेने के लिए PoK गया था और वहीं से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों का संचालन कर रहा था।
पीएम मोदी ने किया ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की रक्षा क्षमताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि “आज पूरी दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म्स की क्षमता और विश्वसनीयता देख रही है। आपने इसका बड़ा प्रदर्शन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी देखा होगा।” पीएम के इस बयान को आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

