रोहतक। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में ACB की टीम ने ड्रग लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने वाले एक HKRN कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन के जोनल कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।

15 हजार रुपये की मांग की थी

ACB के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय विनय के रूप में हुई है। वह हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से सेक्टर-3 स्थित पॉलीक्लिनिक परिसर में फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन के जोनल कार्यालय में तैनात था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने गांव में मेडिकल स्टोर खोलने के लिए 1 जुलाई को ड्रग लाइसेंस की फाइल कार्यालय में जमा कराई थी।

जब वह फाइल की प्रगति जानने कार्यालय पहुंचा तो आरोपी ने काम आगे बढ़ाने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय सीधे ACB के पास पहुंच गया और पूरी जानकारी दी।

जाल बिछाकर किया गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ACB अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई सरकारी कर्मचारी अवैध रूप से पैसे की मांग करता है तो नागरिक तुरंत इसकी सूचना ACB को दें। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m