Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट का मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। होंडा कार्स इंडिया ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी ‘एलिवेट’ का नया फेसलिफ्ट अवतार पेश कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.80 लाख रुपये तय की है। साल 2023 में पहली बार भारत में कदम रखने के बाद इस गा़ड़ी को मिला यह पहला बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट है। इस नए मॉडल के साथ होंडा का सीधा लक्ष्य हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस और मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा जैसे मजबूत प्रतिस्पर्धियों की पकड़ को चुनौती देना है।

लुक और डिजाइन के मामले में कंपनी ने गाड़ी को पहले से अधिक आक्रामक और प्रीमियम बनाने पर काम किया है। हालांकि, कार का मूल ढांचा और आकार पहले जैसा ही बरकरार रखा गया है। इसके फ्रंट प्रोफाइल में सबसे बड़ा बदलाव एक नई बोल्‍ड मेश ग्रिल के रूप में दिखता है, जिसके ऊपरी हिस्से को ग्लॉस-ब्लैक फिनिश दी गई है। इसके साथ ही फ्रंट पर मौजूद ‘H’ लोगो के स्थान में थोड़ा फेरबदल किया गया है और नई 3-बार सिग्नेचर LED पोजिशन लाइट्स जोड़ी गई हैं। रियर लुक को नया अहसास देने के लिए इसमें फुल-विड्थ कनेक्टेड LED टेल-लैंप दिए गए हैं, जो गाड़ी को पीछे से चौड़ा और मस्कुलर लुक प्रदान करते हैं। आयामों की बात करें तो इसकी लंबाई 4,312 मिमी, चौड़ाई 1,790 मिमी, ऊंचाई 1,650 मिमी, व्हीलबेस 2,650 मिमी और ग्राउंड क्लीयरेंस 220 मिमी रखी गई है।

केबिन के भीतर कदम रखते ही नए फीचर्स का अनुभव होता है। होंडा ने इस बार ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंटीरियर में काफी बदलाव किए हैं। नई एलिवेट में आइवरी और ब्लैक रंग का डुअल-टोन केबिन मिलता है, जिसमें सॉफ्ट-टच मटीरियल, प्रीमियम लेदर सीट्स और नया डैशबोर्ड ट्रिम देखने को मिलता है। इस सेगमेंट में पहली बार कंपनी ने फ्रंट के साथ-साथ रियर (पिछली) सीट्स में भी वेंटिलेशन की सुविधा दी है। इसके अलावा ड्राइवर के लिए 8-वे और फ्रंट पैसेंजर के लिए 4-वे पावर एडजस्टेबल सीटें दी गई हैं। केबिन के माहौल को बेहतर बनाने के लिए ऑरेंज थीम वाली एम्बिएंट लाइटिंग, इलेक्ट्रोस्टैटिक-टच LED केबिन लाइट्स और वन-टच इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसी विशेषताएं भी शामिल की गई हैं।

तकनीक और सुरक्षा के मोर्चे पर 360-डिग्री सराउंड विजन कैमरा सिस्टम (मल्टी-व्यू फंक्शन के साथ) जोड़ा गया है, जिसे पार्किंग सेंसर्स और मल्टी-एंगल रियर-व्यू कैमरा के साथ इंटीग्रेट किया गया है। कार में 10.25-इंच का फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मौजूद है जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो को सपोर्ट करता है। इसके साथ 7-इंच का TFT डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, आगे-पीछे टाइप-सी USB पोर्ट्स, 8-स्पीकर सराउंड साउंड सिस्टम और ऑटो-क्लीन एयर फंक्शन वाला PM2.5 एयर प्यूरीफायर दिया गया है।

मैकेनिकल्स की बात करें तो कंपनी ने इसके पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया है। इसमें पुराना और भरोसेमंद 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही मिलता है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों के साथ जोड़ा गया है। सीविटी वेरिएंट्स में अब इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक (Auto Brake Hold के साथ) और रियर डिस्क ब्रेक्स की सुविधा भी दी गई है।

होंडा इस गाड़ी के मैनुअल ट्रांसमिशन को 5 वेरिएंट्स (SV, V, VX, ZX और ZX+) में और CVT ऑटोमैटिक को 4 वेरिएंट्स (V, VX, ZX और ZX+) में बिक्री के लिए उपलब्ध करा रही है। कंपनी इस एसयूवी पर 3 साल या अनलिमिटेड किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जिसे ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार 7 साल या 10 साल (1,20,000 किलोमीटर) तक के एक्सटेंडेड पैकेज के रूप में चुन सकते हैं।