Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए होंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने एक नई और आक्रामक रणनीति बनाई है। कंपनी अब सिर्फ अपने वैश्विक मॉडल्स पर निर्भर रहने के बजाय खास भारतीय परिस्थितियों, सड़कों और ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से गाड़ियां तैयार करने पर ध्यान दे रही है। इस योजना का सीधा उद्देश्य गाड़ियों की बेहतर परफॉर्मेंस के साथ-साथ सही कीमत तय करना है। कंपनी की योजना साल 2030 तक भारतीय बाजार में 10 नए मॉडल पेश करने की है, जिसमें सबसे ज्यादा जोर सब-4 मीटर (सब-कॉम्पैक्ट) और मिड-साइज़ SUV सेगमेंट पर रहने वाला है।

सब-4 मीटर SUV सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए होंडा 2028 तक एक बिल्कुल नई छोटी SUV बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। भारत में होंडा ब्रियो (Brio), जैज़ (Jazz) और WR-V के बंद होने के बाद सब-4 मीटर कैटेगरी में कंपनी के पास फिलहाल केवल अमेज (Amaze) ही एकमात्र विकल्प है। नई सब-कॉम्पैक्ट SUV के आने से बाजार में टाटा नेक्सॉन (Tata Nexon), मारुति सुजुकी ब्रेजा (Maruti Suzuki Brezza), हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue), किआ सोनेट (Kia Sonet), निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite) और रेनॉ काइगर (Renault Kiger) जैसी गाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ जाएगी।
तकनीकी आधार की बात करें तो इस नई SUV को होंडा के ग्लोबल स्मॉल कार प्लेटफॉर्म या फिर एक नए मॉड्यूलर आर्किटेक्चर पर विकसित किया जा सकता है। यह आर्किटेक्चर काफी लचीला होगा, जो पारंपरिक पेट्रोल (ICE) इंजन के साथ-साथ हाइब्रिड और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक पावरट्रेन को भी सपोर्ट कर सकेगा। हालांकि, भारतीय बाजार के लिए शुरुआत में कौन-सा पावरट्रेन चुना जाएगा, इस बारे में कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
इसके अलावा, होंडा अपने मौजूदा पोर्टफोलियो को भी अपडेट करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। आने वाले कुछ हफ्तों में कंपनी अपनी लोकप्रिय मिड-साइज़ SUV एलिवेट (Elevate) का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर सकती है। इसमें कुछ कॉस्मेटिक बदलावों और नए फीचर्स के जुड़ने की उम्मीद है, जबकि इंजन सेटअप पहले जैसा ही रहने की संभावना है। एलिवेट फेसलिफ्ट के बाद कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट में कदम रखते हुए ‘Honda 0 Alpha’ नाम की ऑल-इलेक्ट्रिक SUV पेश करेगी, जो मारुति eVitara, टाटा सिरैरा EV और हुंडई क्रेटा EV जैसी गाड़ियों से सीधे मुकाबला करेगी।
भारतीय ग्राहकों के बीच प्रीमियम पहचान बनाए रखने के लिए होंडा अपने कुछ लोकप्रिय और प्रतिष्ठित ग्लोबल ब्रांड्स को फिर से भारत लाने पर विचार कर रही है। इनमें सिधिक (Civic), एकॉर्ड (Accord) और CR-V जैसे नाम शामिल हैं, जिन्हें सीमित संख्या में CBU (पूरी तरह से निर्मित इकाई) के रूप में हाइब्रिड विकल्पों के साथ आयात किया जा सकता है। साथ ही, ब्रांड की प्रीमियम छवि को और मजबूती देने के लिए होंडा प्रील्यूड (Honda Prelude) हाइब्रिड स्पोर्ट्स कार को एक ‘हेलो प्रोडक्ट’ के तौर पर भारत लाने की संभावना तलाश रही है।



