Automobile Desk :- 350cc बाइक सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने अपनी लोकप्रिय 350cc मोटरसाइकिल रेंज को नए अवतार में बाजार में उतारा है। कंपनी ने CB350, CB350RS और CB350C को नए कलर ऑप्शन, रिफाइंड स्टाइलिंग और आधुनिक फीचर्स के साथ पेश किया है। भारतीय बाजार में इन अपडेटेड बाइक्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,95,200 रुपये तय की गई है, जो टॉप वेरिएंट के लिए 2,04,700 रुपये तक जाती है। इन बाइक्स की बिक्री होंडा की प्रीमियम बिगविंग (BigWing) डीलरशिप के जरिए की जाएगी।

मध्यम वजन वाली मोटरसाइकिलों के बाजार में रोयाले एनफील्ड के दबदबे को चुनौती देने के इरादे से होंडा ने अपनी इस पूरी रेंज में कई कॉस्मेटिक बदलाव किए हैं। क्लासिक लुक पसंद करने वाले राइडर्स के लिए CB350 में क्रोम एलिमेंट्स, राउंड हेडलैम्प और टियर-ड्रॉप आकार का फ्यूल टैंक बरकरार रखा गया है। इसके नए मॉडल में प्रीमियम लुक देने के लिए नए ट्रिम कॉम्बिनेशन और ब्राउन कलर सीट का विकल्प दिया गया है। CB350 को कंपनी ने तीन वेरिएंट्स- Standard (1,95,200 रुपये), DLX (1,97,900 रुपये) और Chrome (1,99,900 रुपये) में उतारा है।

जो ग्राहक क्लासिक के बजाय स्पोर्टी लुक की तलाश में हैं, उनके लिए CB350RS को नया ब्लैक-आउट थीम और आक्रामक डिजाइन दिया गया है। इसमें डार्क फिनिश, कॉन्ट्रास्टिंग कलर्स, ब्लैक-आउट एग्जॉस्ट (साइलेंसर), टेल-टिडी रियर सेक्शन और फ्रंट फोर्क गेटर्स देखने को मिलते हैं। CB350RS दो वेरिएंट्स में उपलब्ध है, जिसके Standard मॉडल का दाम 1,99,900 रुपये और DLX मॉडल का दाम 2,02,500 रुपये रखा गया है।

रेंज में तीसरा विकल्प CB350C का है, जिसे पारंपरिक विंटेज मोटरसाइकिल डिजाइन देने की कोशिश की गई है। इसमें बड़े और चौड़े मडगार्ड, टैंक पर नी-पैड, क्रोम फिनिश एग्जॉस्ट पाइप और स्प्लिट ब्राउन सीट्स मिलती हैं। यह मॉडल तीन विकल्पों में आता है—Standard जिसकी कीमत 2,00,300 रुपये है, DLX जिसकी कीमत 2,02,700 रुपये है, और सबसे महंगा Special Edition वेरिएंट जिसकी कीमत 2,04,700 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

मेकेनिकल बदलावों की बात करें तो तीनों ही बाइक्स में समान 348.6cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया गया है। यह इंजन 21.07 PS की पावर और 29.4 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। गियर ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। राइडर की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए होंडा ने इस रेंज में ब्लूटूथ-इनेबल्ड होंडा रोडसिंक कनेक्टिविटी, स्लिपर और असिस्ट क्लच, ऑल-एलईडी लाइटिंग सिस्टम, दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल ABS और होंडा सिलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल किए हैं।