यमुनानगर में एक किसान ने दो परिचितों पर हनी ट्रैप में फंसाकर करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी ऑफिस पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

यमुनानगर। घर से निकला तो मकसद सिर्फ एक था… अपनी वसीयत तैयार करवाना। रास्ते में दो परिचित मिले, बातचीत हुई, कोल्ड ड्रिंक पी और फिर सब कुछ धुंधला पड़ गया। जब आंख खुली तो सामने जो था, उसने जिंदगी ही बदल दी।

कई महीनों तक वह चुप रहा। शर्म, डर और ब्लैकमेलिंग के जाल में ऐसा फंसा कि किसी के सामने बोलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाया। अब परिवार और ग्रामीणों के सहारे उसने अपनी कहानी खुद बतानी शुरू की है, जिसमें अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल और करोड़ों की जमीन गंवाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

मामला यमुनानगर के बिलासपुर कस्बे का है, जहां रहने वाले गुरदेव सिंह ने खुद को हनी ट्रैप का शिकार बताते हुए एसपी कार्यालय में गुहार लगाई। गुरदेव सिंह अपनी पत्नी, बच्चों और ग्रामीणों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और आरोप लगाया कि तहसील जाते समय रास्ते में मिले दो परिचितों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद जब होश आया तो वह एक होटल में था।

पीड़ित का आरोप है कि वहां उसकी एक युवती के साथ अश्लील वीडियो बनाई गई और बाद में उसी वीडियो के जरिए महीनों तक ब्लैकमेल किया गया। गुरदेव सिंह का कहना है कि आरोपियों ने उसकी जमीन हड़प ली, बाइक ले ली और बैंक बैलेंस तक साफ कर दिया। उसका दावा है कि इस पूरे मामले में वह करोड़ों रुपये गंवा चुका है। फिलहाल पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग कर रहे गुरदेव सिंह का कहना है कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया, लेकिन वीडियो कैसे बनाई गई, यह उनके लिए भी सवाल है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस कथित हनी ट्रैप मामले में क्या कार्रवाई करती है।