अनमोल मिश्रा, सतना। धार्मिक नगरी चित्रकूट में जन्मदिन के नाम पर बीच सड़क हुक्का पार्टी, शराबखोरी और हुड़दंग का मामला सामने आया है। रविवार की रात नगर परिषद कार्यालय के सामने दिल्ली नंबर की कार से पहुंचे करीब आधा दर्जन युवकों ने सड़क पर हुक्का रखकर तेज संगीत की धुन पर डांस किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर शराब का सेवन भी किया गया। घटना से वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। विरोध शुरू होते ही सभी युवक कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना का वीडियो भी सामने आया

जानकारी के अनुसार, चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थल पर खुलेआम हुक्का और शराब के साथ जन्मदिन मनाने की घटना ने लोगों को आक्रोशित कर दिया। राहगीरों ने युवकों की हरकत का विरोध किया तो कुछ देर तक बहस की स्थिति बनी, जिसके बाद सभी युवक मौके से निकल गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बड़ी खबर: मध्यप्रदेश में ऊर्जा विभाग के 6 हजार संविदा कर्मचारी होंगे नियमित, विभाग ने जारी किए निर्देश

धर्मनगरी में शराबबंदी की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि चित्रकूट की पहचान देश-विदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी के रूप में है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का कृत्य न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित युवकों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही धर्मनगरी में शराबबंदी और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने की भी मांग उठाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m