भिवानी। सोमवार दोपहर को हरियाणा के भिवानी से एक बेहद डरावनी खबर सामने आई है. यहां एक सड़क पर ट्रक और डंपर की आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों में एक साथ भीषण आग लग गई. आग लगते ही वहां चीख-पुकार मच गई.

हादसे के बाद ट्रक और डंपर दोनों के केबिन में ड्राइवर अंदर ही फंस गए. चारों तरफ से आग की लपटों से घिरने के बाद ड्राइवर अपनी जान बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे. आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी उनके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था.
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए जेसीबी मशीन की मदद ली
इसके बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए जेसीबी मशीन की मदद ली. जेसीबी की सहायता से किसी तरह ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. लेकिन दुर्भाग्य से डंपर का ड्राइवर आग की चपेट में आ गया और उसकी जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के डीजल टैंक फट गए थे, जिसकी वजह से आग ने पलक झपकते ही विकराल रूप ले लिया.
घटना का एक वीडियो भी सामने आया
इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि केबिन में फंसा ड्राइवर आग के बीच घिरा हुआ है और लोग बोरियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. इस खौफनाक मंजर को देखकर हर किसी का दिल दहल गया है. पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

