यमुनानगर। हमीदा क्षेत्र के पुराना हमीदा स्थित गुजरान मोहल्ले में रविवार देर रात एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें 42 वर्षीय मेहंदी हसन की जान चली गई। घटना करीब रात 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों के बीच एक बैठक के दौरान मेहंदी हसन का विवाद हो गया था, जो उस समय शांत करा दिया गया था। लेकिन कुछ समय बाद जब वह गली में टहलने निकले, तो आरोप है कि पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।


आरोपी एक सप्लाई एजेंसी से
हमले में मेहंदी हसन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि कुर्बान अली के बेटे ओवैस, सोहिल, शकीर और एक अन्य व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी एक सप्लाई एजेंसी से जुड़े हैं।
गंभीर हालत में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस जाँच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।