हिसार। हरियाणा के हिसार जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गांव मायड़ में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान गांव निवासी बलजीत उर्फ दानू (40) और उसकी पत्नी दर्शना (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलजीत गांव में डीजे की दुकान चलाता था। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलते ही थाना सदर हिसार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इस दर्दनाक घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।
बताया जा रहा है कि मृतक दंपती के दो बेटे हैं—मोहित (16) और अंशुल (13)। इस घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतका दर्शना जिला हांसी के गांव जीतपुरा की रहने वाली थी। घटना की सूचना उसके मायके पक्ष के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


