नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में मौजूद एक मासूम बच्चा और कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।

बघोला गांव के पास हुआ हादसा, दिल्ली जा रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना नूंह जिले के सदर फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में आने वाले बघोला गांव के पास हुई। कार सवार सभी लोग दिल्ली की तरफ जा रहे थे। तभी अचानक बघोला गांव के नजदीक एक्सप्रेसवे पर किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। कार की रफ्तार तेज होने के कारण हादसा इतना भयानक था कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार के भीतर चीख-पुकार मचने के बाद आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, शवों का होगा पोस्टमार्टम

हादसे की खबर मिलते ही सदर फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे और कार चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।