कोडरमा। कोडरमा घाटी के मेघातरी कालीमंडा के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। ढलान पर दो टेलरों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि चालक का शव दो हिस्सों में बंट गया। वहीं दूसरे टेलर का चालक दुर्घटनाग्रस्त केबिन में काफी देर तक फंसा रहा।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दोनों टेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा के रास्ते बिहार जा रहे थे। दोनों वाहन घाटी में आगे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मेघातरी के पास ढलान पर पीछे चल रहे टेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया।
ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित टेलर ने आगे चल रहे टेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के इलाके में तेज आवाज सुनाई दी और दुकानदारों व ग्रामीणों की नींद खुल गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दूसरे टेलर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया।
सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस ने मृतक चालक के शव और घायल चालक को सदर अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक का अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल दोनों चालकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



