राजनगर। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग NH-220 पर बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। राजनगर थाना क्षेत्र के बाघरायसाई गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय आकाश पात्रो की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार आकाश पात्रो, टिकाराम सरदार, भोला सरदार और हीरा गोप एक ही बाइक से राजनगर बाजार गए थे। शाम करीब 5:30 बजे वापस लौटने के दौरान बाघरायसाई मोड़ के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

समाजसेवी ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे समाजसेवी अजय कुमार गोप ने घायलों को सड़क पर पड़ा देखा और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस और मालवाहक टेंपो की मदद से सभी को सीएचसी राजनगर पहुंचाया गया।

एक की मौत, तीन जमशेदपुर रेफर

अस्पताल में डॉक्टरों ने आकाश पात्रो को मृत घोषित कर दिया। वहीं टिकाराम सरदार, भोला सरदार और हीरा गोप की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।फिलहाल राजनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।