० स्कूल बैग समेत बच्ची को भाखड़ा नहर में फेंकने का आरोप, परिवार बोला- कई साल से मानसिक रूप से परेशान था पिता

फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। खुन्नन गांव में एक पिता पर अपनी 5 वर्षीय मासूम बेटी को भाखड़ा नहर में फेंकने का आरोप है। बच्ची का शव काफी तलाश के बाद पंजाब में फतेहपुर के पास बरामद हुआ।

मृतका की पहचान गुरनवाज कौर (5) के रूप में हुई है।

स्कूल से बेटी को लेकर निकला था पिता

पुलिस के अनुसार खुन्नन गांव निवासी गुरप्रीत बुधवार को स्कूल पहुंचा और अपनी छोटी बेटी गुरनवाज कौर को अपने साथ ले आया। इसके बाद वह बच्ची को बाइक पर करीब 30 किलोमीटर दूर रोझांवाली ले गया।

आरोप है कि वहां उसने बच्ची को उसके स्कूल बैग समेत भाखड़ा नहर में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी घर लौट आया और परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी।

परिवार के अनुसार आरोपी पिता पिछले कई वर्षों से मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

सदर पुलिस और SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और हिसार से SDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने नहर में बच्ची की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

काफी मशक्कत के बाद बच्ची का शव पंजाब में फतेहपुर के पास बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रतिया भेजा गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी पिता से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी और इसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।