गाजियाबाद के मोदीनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मरे 25 वर्षीय युवक मधुर यादव की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला आत्महत्या है या फिर सुनियोजित हत्या इस पर परिवार और पुलिस के दावे आमने-सामने हैं। इस बीच युवक के मोबाइल फोन की सर्च हिस्ट्री ने मामले को और पेंचीदा बना दिया है। पुलिस का दावा है कि मधुर यादव ने खुदकुशी की। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से आत्महत्या से जुड़े कई वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मधुर इंटरनेट पर कम दर्द के साथ मरने के तरीकों की लगातार खोज कर रहा था, जिससे आत्महत्या की आशंका को बल मिलता है। वहीं, मृतक के परिजन पुलिस के दावे से इत्तेफाक नहीं रखते। परिवार का आरोप है कि मधुर की पेट्रोल डालकर हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई वारदात है। उन्होंने इस संबंध में मोदीनगर थाने में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मोदीनगर की मंगलविहार कॉलोनी में रहने वाले 25 वर्षीय मधुर यादव की जलकर मौत का मामला और रहस्यमय होता जा रहा है। मधुर के परिवार और पुलिस के दावों में लगातार टकराव बना हुआ है। जहां पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, वहीं परिजन इसे पेट्रोल डालकर की गई हत्या बता रहे हैं।

मृतक के पिता जितेंद्र यादव दिल्ली में सिंचाई विभाग में क्लर्क पद पर कार्यरत हैं। मधुर यादव का हाल ही में राजस्थान हाईकोर्ट में स्टेनो के पद पर चयन हुआ था और उसे एक सप्ताह के भीतर ड्यूटी जॉइन करनी थी। परिवार का कहना है कि नौकरी लगने के बाद मधुर बेहद खुश था और किसी भी तरह की मानसिक परेशानी में नहीं था। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे मधुर घर से यह कहकर निकला था कि वह गोविंदपुरी कॉलोनी जा रहा है। रात करीब 9 बजे परिजनों ने फोन किया, तो मधुर ने बताया कि वह थोड़ी देर में घर लौट आएगा। इसके कुछ समय बाद ही उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।

मोबाइल बंद होने के बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद मधुर की जली हुई हालत में मौत की खबर सामने आई, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। पुलिस का कहना है कि मधुर के मोबाइल फोन की जांच में आत्महत्या से जुड़े कई वीडियो और सर्च हिस्ट्री मिली है, जिसमें वह कम दर्द में मरने के तरीके खोजता दिख रहा है। इसी आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। वहीं परिजन पुलिस के इस दावे को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि नौकरी लगने के बाद मधुर के आत्महत्या करने का कोई कारण नहीं था। परिवार ने मोदीनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मधुर पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाया गया।

निवाड़ी रोड पर जली हालत में पड़ा मिला

घटना मोदीनगर–निवाड़ी मार्ग पर स्थित फायर स्टेशन के पीछे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात एक युवक आग की लपटों में घिरा हुआ सड़क की ओर भागता हुआ आया। यह देख आसपास के लोगों ने तत्काल उसकी आग बुझाई और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

अस्पताल पहुंचे परिजनों के अनुसार, गंभीर रूप से झुलसे मधुर यादव ने बताया कि अभिषेक नाम के युवक ने पहले उसकी आंखों में मिर्च जैसा पाउडर डाला, जिससे वह कुछ देख नहीं सका। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। मधुर की हालत बेहद नाजुक थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह दिल्ली के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि पेट्रोल डालकर की गई हत्या है। उनका कहना है कि मधुर का हाल ही में राजस्थान हाईकोर्ट में स्टेनो पद पर चयन हुआ था और उसे एक सप्ताह में जॉइन करना था, ऐसे में आत्महत्या की कोई वजह नहीं बनती।

मोबाइल में मिले आत्महत्या सिखाने वाले वीडियो

पुलिस जांच में मधुर यादव के मोबाइल फोन से ‘आत्महत्या कैसे की जाए’ से जुड़े करीब 25 वीडियो मिले हैं। पुलिस के अनुसार, मधुर पिछले 15 दिनों से सोशल मीडिया और यूट्यूब पर आत्महत्या के तरीकों की सर्चिंग कर रहा था। मोबाइल हिस्ट्री में जहर खाने, आग लगाने, नस काटने और गोली मारने जैसे तरीकों से जुड़े वीडियो सामने आए हैं।

एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि मधुर यादव के मोबाइल में मिले वीडियो और सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

लव स्टोरी वाला भी एंगल

मधुर यादव की मौत के पीछे प्रेम संबंधों का पहलू भी सामने आ रहा है। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से एक युवती के साथ हुई चैट मिली है, जिसमें वह उससे शादी करने की बात कर रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चर्चा है कि परिजन इस रिश्ते और शादी के पक्ष में नहीं थे। हालांकि, इस एंगल को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस प्रेम संबंधों समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m