Lifestyle Desk – मानसून का मौसम जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं घर में रखे अचार की देखभाल की चिंता भी बढ़ा देता है। बारिश के दिनों में हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) अधिक होने के कारण अचार जल्दी खराब होने लगता है। जार खोलते समय हल्की-सी लापरवाही, जैसे गीला चम्मच इस्तेमाल करना या अचार में पानी की एक-दो बूंदें चले जाना, फफूंद लगने और स्वाद बिगड़ने की बड़ी वजह बन सकता है। अचार को लंबे समय तक ताजा और सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहले साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। जिस बर्तन या कांच के जार में अचार रखा गया हो, वह पूरी तरह सूखा और साफ होना चाहिए। अगर जार में थोड़ी भी नमी रह गई, तो बैक्टीरिया और फफूंद तेजी से पनप सकते हैं।

सूखे चम्मच का करें इस्तेमाल

अचार निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें। गीला या इस्तेमाल किया हुआ चम्मच सीधे अचार में डालने से उसमें नमी पहुंच जाती है, जिससे अचार जल्दी खराब हो सकता है। इसी तरह अचार निकालने के बाद जार का ढक्कन तुरंत और अच्छी तरह बंद कर देना चाहिए, ताकि बाहर की नमी अंदर न जा सके।

अच्छी मात्रा में हो तेल

तेल भी अचार को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाता है। आमतौर पर सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि यह प्राकृतिक रूप से अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है। ध्यान रखें कि अचार पूरी तरह तेल में डूबा रहे। यदि समय के साथ तेल कम दिखाई देने लगे, तो हल्का गर्म करके ठंडा किया हुआ सरसों का तेल ऊपर से डाल सकते हैं।

साफ सूखी जगह में रखें

मानसून के दौरान अचार को ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप न हो, लेकिन स्थान ठंडा, साफ और सूखा हो। यदि बारिश के कारण कई दिनों तक धूप नहीं निकल रही है, तो समय-समय पर जार को खोलकर उसकी जांच करते रहें। अगर मौसम साफ हो जाए, तो कुछ देर हल्की धूप दिखाने से भी नमी कम करने में मदद मिलती है।

अगर फाँफूदी जैसा दिखे तो तुरंत अलग करें

इसके अलावा, अचार में किसी तरह की बदबू, सफेद या हरे रंग की फफूंद या स्वाद में बदलाव महसूस हो तो उसे नजरअंदाज न करें। शुरुआत में यदि केवल ऊपर की परत पर फफूंद दिखाई दे, तो उसे हटाकर ऊपर से गर्म करके ठंडा किया हुआ तेल डाला जा सकता है। हालांकि, यदि अचार का बड़ा हिस्सा खराब हो गया हो या उसमें तेज दुर्गंध आने लगे, तो उसका सेवन करने से बचना चाहिए।

मानसून में अचार सुरक्षित रखने के आसान टिप्स

  1. हमेशा पूरी तरह सूखे और साफ कांच के जार का इस्तेमाल करें।
  2. अचार निकालने के लिए केवल सूखा और साफ चम्मच ही लें।
  3. अचार को हमेशा तेल की परत से ढका रखें।
  4. जार का ढक्कन हर बार अच्छी तरह बंद करें।
  5. अचार को नमी और पानी से दूर रखें।
  6. मौसम साफ होने पर बीच-बीच में हल्की धूप दिखाएं।
  7. समय-समय पर अचार की जांच करें ताकि फफूंद या खराब होने के शुरुआती संकेतों का पता चल सके।

थोड़ी-सी सावधानी और सही रखरखाव अपनाकर मानसून के मौसम में भी घर का बना अचार लंबे समय तक स्वादिष्ट, ताजा और सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे न केवल अचार का पारंपरिक स्वाद बरकरार रहता है, बल्कि परिवार की सेहत भी सुरक्षित रहती है।