पंचकूला: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने एचसीएस (HCS Ex. Br.) और अलाइड सर्विसेज परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या 22/2026) के तहत डिप्टी सुपरिनटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पदों के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। 17 सितंबर 2026 को घोषित मुख्य परीक्षा परिणाम में सफल और डीएसपी पद का विकल्प चुनने वाले 183 पात्र अभ्यर्थियों का फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट 1 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को सुबह 9:00 बजे से आयोजित किया जाएगा।
पंचकूला स्थित आयोग कार्यालय में होगा टेस्ट
यह फिजिकल टेस्ट पंचकूला के सेक्टर 4 स्थित ब्लॉक B में आयोग के कार्यालय (बेज नं. 1-10) में आयोजित किया जाएगा। एचपीएससी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि अभ्यर्थियों को तय समय और स्थान पर पहुंचना अनिवार्य होगा। किसी भी परिस्थिति में पीएमटी के लिए किसी भी उम्मीदवार को कोई दूसरी तारीख या अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।

लिस्ट में नाम न होने पर भी मिलेगा मौका
आयोग ने अभ्यर्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण प्रावधान भी किया है। यदि किसी पात्र उम्मीदवार ने आवेदन पत्र भरते समय डीएसपी पद का विकल्प चुना था और वह निर्धारित आयु सीमा में आता है, लेकिन आयोग द्वारा जारी रोल नंबर सूची में उसका नाम नहीं है, तो वह भी 1 अक्टूबर को अपने सभी सहायक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर आयोग कार्यालय पहुंचकर प्रक्रिया में शामिल हो सकता है।
अलग से नहीं भेजा जाएगा कोई बुलावा पत्र
एचपीएससी ने साफ किया है कि इस शारीरिक परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को कोई व्यक्तिगत बुलावा पत्र (Call Letter) या अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी। आयोग के अनुसार जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर गैरहाजिर रहेंगे या विज्ञापन में तय नियमों के अनुसार अयोग्य पाए जाएंगे, उन्हें डीएसपी पद की चयन प्रक्रिया से तुरंत बाहर कर दिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


