पंचकूला में एचपीएससी के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों से नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए न्याय का भरोसा दिया।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पंचकूला के सेक्टर-5 में हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों से नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं को न्याय दिलाने की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में HPSC युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि क्लास-A और क्लास-B की भर्तियों में स्थानीय युवाओं की अनदेखी कर बाहरी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा BC और SC वर्ग की रिक्तियां नहीं भरी जा रही हैं। कहीं 35 प्रतिशत पात्रता का मानदंड लगाकर अभ्यर्थियों को बाहर किया जा रहा है, तो कहीं पदों को जानबूझकर खाली छोड़ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि HPSC का रवैया उचित नहीं है और इससे युवाओं में भारी निराशा है। सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि युवाओं की जायज मांगों के समाधान के लिए तत्काल एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

