हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड फंड घोटाला मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग के मुख्य लेखा अधिकारी प्रवीन कुमार को 3 दिन की रिमांड पर लिया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के बहुचर्चित फंड घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा चुनाव आयोग में तैनात चीफ अकाउंट्स ऑफिसर (CAO) प्रवीन कुमार को अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया। हालांकि जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड की मांग की थी।
सीबीआई ने अदालत में दायर अपने आवेदन में दावा किया कि जांच के दौरान प्रवीण कुमार की भूमिका सरकारी धन को नियमों के विपरीत निवेश कराने, एक गुप्त बैंक खाता खुलवाने और कथित तौर पर शेल कंपनियों तक राशि पहुंचाने की साजिश में सामने आई है।
जांच एजेंसी का कहना है कि रिमांड के दौरान वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, दस्तावेजों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़े पहलुओं पर गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क और धन के प्रवाह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल सीबीआई मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

