० कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्न-पत्र जिलों को भेजे गए, बोर्ड ने समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की
भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET-2026) के तहत लेवल-3 (PGT) की परीक्षा आज (शनिवार) प्रदेशभर के 238 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 73,091 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
परीक्षा को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को बोर्ड मुख्यालय से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस और बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में प्रश्न-पत्र संबंधित जिला मुख्यालयों के लिए रवाना किए गए।
दोपहर 3 बजे से होगी परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
परीक्षा से एक दिन पहले बोर्ड अध्यक्ष ने मुख्यालय पहुंचकर प्रश्न-पत्र वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। साथ ही प्रवेश-पत्र (Admit Card) और वैध फोटो पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं तथा परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

