हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट 2025 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक आधिकारिक वेबसाइट पर एक्टिव कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड ने परीक्षा केंद्र पर एंट्री के लिए कलर प्रिंटआउट और जरूरी दस्तावेजों से जुड़े सख्त निर्देश भी जारी किए हैं।

चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए HTET Admit Card 2025 को आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि लेवल-1, 2 और 3 की इस परीक्षा का आयोजन 4 और 5 जुलाई को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी 1 जुलाई से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://htet.eapplynow.com/ पर जाकर अपना प्रवेश पत्र आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इस बार बोर्ड ने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण गाइडलाइंस भी जारी की हैं, जिनका पालन करना सभी परीक्षार्थियों के लिए बेहद अनिवार्य किया गया है।

एडमिट कार्ड के जरूरी कड़े नियम

हरियाणा बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिया है। कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र का केवल रंगीन प्रिंटआउट (कलर प्रिंट) ही लेकर आना होगा ब्लैक एंड व्हाइट एडमिट कार्ड लाने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही एक पृष्ठीय प्रवेश पत्र की सेंटर कॉपी और कैंडिडेट कॉपी दोनों का अलग-अलग रंगीन प्रिंट साथ रखना जरूरी है। अभ्यर्थियों को अपने साथ वही मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र भी लाना होगा, जिसका उपयोग उन्होंने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरते समय किया था इन दस्तावेजों के बिना किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी।

परीक्षा केंद्र पर समय का प्रबंधन

बोर्ड के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से ठीक 2 घंटे 10 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। इस अतिरिक्त समय के दौरान मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और अंगूठे के निशान लेने जैसी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके अलावा 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को लेखक (स्क्राइब) की विशेष सुविधा दी जाएगी, जिसके लिए उन्हें परीक्षा से चार दिन पहले बोर्ड मुख्यालय के कमरा नंबर 28 में संपर्क करना होगा एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी तुरंत बोर्ड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।