HTET Exam 2026 : हरियाणा में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए HTET 2026 को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने बताया है कि हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 का आयोजन इसी साल प्रस्तावित है। बोर्ड ने पात्र अभ्यर्थियों को अभी से परीक्षा की तैयारी जारी रखने की सलाह दी है।
सरकार के निर्देश और कोर्ट के फैसले के तहत होगी परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि HTET-2026 का आयोजन सरकार के निर्देशों और न्यायालय के निर्णय के अनुपालन में किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि परीक्षा की निश्चित तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
बोर्ड की ओर से कहा गया है कि परीक्षा की तारीख, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी समय-समय पर आधिकारिक माध्यम से जारी की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को बोर्ड की सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
HTET 2025 के अभ्यर्थियों के लिए भी जरूरी सूचना
बोर्ड ने HTET-2025 में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। 4 और 5 जुलाई को आयोजित हुई HTET-2025 परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन पूरा करना अनिवार्य है।
बोर्ड के मुताबिक परिणाम जारी करने से पहले संबंधित अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। यानी जिन अभ्यर्थियों का वैरीफिकेशन नहीं होगा, उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
4 अक्टूबर को 22 जिलों में होगी प्रक्रिया
HTET-2025 के अभ्यर्थियों के लिए बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन की प्रक्रिया 4 अक्टूबर को कराई जाएगी। इसके लिए हांसी को छोड़कर हरियाणा के 22 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं।
वहीं, दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी अपने नजदीकी जिला मुख्यालय पर पहुंचकर बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन करा सकते हैं। जिन स्कूलों में यह प्रक्रिया होगी, उनकी सूची हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
अभ्यर्थी अभी से तैयारी रखें जारी
HTET-2026 की परीक्षा इसी साल प्रस्तावित होने के चलते पात्र अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी जारी रखने को कहा गया है। बोर्ड परीक्षा की तारीख और आवेदन से जुड़ी जानकारी आगे जारी करेगा। वहीं HTET-2025 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए 4 अक्टूबर की बायोमैट्रिक प्रक्रिया को लेकर निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


